धौलपुर के सैंपऊ थाना पुलिस ने चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी हुई मैक्स पिकअप बरामद कर ली है। यह कार्रवाई वांछित अपराधियों की धरपकड़ और उनकी गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को परिवादी देवेंद्र पुत्र दाताराम, निवासी परसौदा, थाना मनियां, जिला धौलपुर ने सैंपऊ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमे बताया कि 25 अगस्त की रात गांव खपरैला से उसकी मैक्स पिकअप गाड़ी चोरों ने चोरी कर ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। थाना प्रभारी अमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की गई पिकअप को थाना कंचनपुर क्षेत्र के गांव बदरैठा के जंगल इलाके से बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच जारी है और वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।