धौलपुर के कौलारी थाना क्षेत्र के छत्तू पुरा गांव में 20 साल की एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पीहर पक्ष ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस उपाधीक्षक मनोहर लाल मीणा ने मौके का मुआयना किया। शव को बसई नवाब के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। मृतका की पहचान प्रीति के रूप में हुई है। उसके पिता पीतम सिंह कुशवाह (हुसैनपुरा, बाड़ी निवासी) ने शिकायत में बताया कि प्रीति की शादी दो साल पहले हुई थी। ससुरालवाले उसे दहेज की मांग को लेकर परेशान कर रहे थे। पिता के अनुसार, घटना से एक दिन पहले प्रीति ने फोन कर बताया था कि ससुरालवाले उसे परेशान कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने भीमसेन, उसकी मां भूदेवी और पिता पप्पू पर मिलकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।