धौलपुर के नादनपुर थाना क्षेत्र के धौ का पुरा गांव में एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर ग्रामीण जमा हुए। विवाहिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया। मायके वालों ने अस्पताल पहुंचकर ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए परेशान करने और हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। बयाना के जैता का नगला निवासी रक्षा की शादी लगभग दो साल पहले नादनपुर निवासी रामकुमार से हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर रक्षा को परेशान करते थे। इस मामले को लेकर पहले भी पंचायत हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसडीएम सरमथुरा की देखरेख में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।