आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए डीडवाना के राजकीय बांगड़ उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में कुल 470 मतदान कार्मिकों ने भाग लिया। इनमें 235 पीठासीन अधिकारी (PRO) और 235 प्रथम मतदान अधिकारी (PO-1) शामिल थे। इसका उद्देश्य चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराना था। ब्लॉक लेवल मास्टर ट्रेनर्स और जिला स्तरीय दक्ष प्रशिक्षकों रघुवीर सिंह, तंवर सिंह और भंवरलाल हर्षवाल ने कार्मिकों को निर्वाचन नियमों, मतदान दल के दायित्वों और विभिन्न वैधानिक एवं सांविधिक प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में कार्मिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। उन्हें मतदान शुरू होने से पहले की तैयारियों, मॉक पोल की प्रक्रिया, कंट्रोल यूनिट (CU) और बैलेट यूनिट (BU) के सही संयोजन तथा सीलिंग की प्रक्रिया समझाई गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार ने प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान कार्मिकों को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने में प्रशिक्षण के महत्व पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।