मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को प्रदेशभर के पंचायत राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। यह कार्यक्रम पंचायत राज जनप्रतिनिधि संवाद के तहत आयोजित हुआ। कार्यक्रम का जिला स्तरीय सीधा प्रसारण डीडवाना जिला मुख्यालय के टाउन हॉल में किया गया। इसमें अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार, उपखंड अधिकारी राजवीर यादव, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी खुमाराम सारण, जीतेंद्र सिंह जोधा, उपसभापति हरीश मोदी और उपप्रधान ओमप्रकाश लील समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस मौके पर जिला स्तर पर पंचायत राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों का सम्मान भी हुआ। संवाद में पंचायत राज संस्थाओं को मजबूत बनाने, ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों को तेज करने और सरकारी योजनाओं को ठीक से लागू करने में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी पर चर्चा की गई। इस कार्यक्रम से पंचायत राज संस्थाओं और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाने, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति देने का मंच मिला।