डीडवाना में कांग्रेस की जिला स्तरीय पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक हुई। यह बैठक आगामी पंचायत राज चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर बुलाई गई थी। इसमें पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की निर्वाचन पर्यवेक्षक कृष्णा पूनिया ने बैठक में हिस्सा लिया। यह पूर्व विधायक चेतन डूडी के घर पर हुई। इसकी अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष जाकिर हुसैन गैसावत ने की। बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और संभावित उम्मीदवार मौजूद रहे। बैठक के दौरान पंचायत राज चुनावों की तैयारियों, स्थानीय संगठन की स्थिति और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर बात हुई। चुनाव में पार्टी की भूमिका पर रणनीति चर्चा के साथ कार्यकर्ताओं से सुझाव भी लिए गए। कृष्णा पूनिया और जाकिर हुसैन गैसावत ने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने को कहा। उन्होंने आगामी पंचायत राज चुनावों के लिए अभी से सक्रिय होकर संगठनात्मक गतिविधियों में जुटने का आह्वान किया।