अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एविविनिल) ने डीडवाना उपखंड क्षेत्र में बिजली बिलों के बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। प्रबंध निदेशक के निर्देश पर, बकाया बिलों की वसूली के लिए 31 अगस्त 2026 तक एक विशेष महाअभियान चलाया जा रहा है। सहायक अभियंता (पवसं) कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 500 रुपए से अधिक की बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित समय सीमा तक बिल जमा न करने पर उनके विद्युत कनेक्शन काट दिए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं उपभोक्ता की होगी। डिस्कॉम ने उपभोक्ताओं से समय पर बकाया बिलों का भुगतान करने की अपील की है। उपभोक्ता ई-मित्र, ऑनलाइन माध्यम या निगम कार्यालय में जाकर अपने बिल जमा करवा सकते हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए, डीडवाना स्थित सहायक अभियंता कार्यालय में कार्य दिवसों के दौरान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष कैश काउंटर उपलब्ध रहेंगे। यहां लंबित बिजली बिलों का भुगतान किया जा सकता है। सहायक अभियंता ने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे किसी भी अप्रिय कार्रवाई और कनेक्शन विच्छेदन से बचने के लिए 31 अगस्त से पहले अपने बकाया बिलों का भुगतान सुनिश्चित करें।