डीडवाना-कुचामन जिले सहित शेरानी आबाद और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा के जन्मदिवस पर मुस्लिम समाज में खासा उत्साह देखा गया। विभिन्न स्थानों पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किए गए। इस अवसर पर जिलेभर में जुलूसे मोहम्मदी निकाले गए। आशिकाने रसूल अपने घरों से दरूद-ओ-सलाम का नजराना पेश करते हुए इन जुलूसों में शामिल हुए। इनमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग भाग शामिल हुए। जुलूसों के दौरान जिले में आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। कई स्थानों पर हिंदू समाज के लोगों ने जुलूसे मोहम्मदी का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और मुस्लिम समाज के लोगों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। मुस्लिम समाज के लोगों ने भी प्रेम और भाईचारे के साथ सभी का अभिवादन किया। पर्व को लेकर मस्जिदों और मोहल्लों में विशेष सजावट की गई है। विभिन्न स्थानों पर लंगर, शरबत और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम देर रात तक जारी रहेंगे। जुलूसे मोहम्मदी में शामिल लोग पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा के बताए अमन, प्रेम, इंसानियत और भाईचारे के संदेश को आमजन तक पहुंचा रहे हैं। ईद मिलादुन्नबी का यह पर्व जिले में आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल पेश कर रहा है।