डीडवाना-कुचामन जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 17,172 किशोरियों के लक्ष्य में से 52 प्रतिशत से ज्यादा यानी 9,000 से अधिक किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगा दी है। जिला कलेक्टर अवधेश मीना के निर्देश पर अभियान की समीक्षा के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी और जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. इरफान अली खत्री ने बैठक की। इसमें सभी एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को अगले दो दिनों में 10 प्रतिशत अतिरिक्त लक्ष्य हासिल करने को कहा गया। अधिकारियों ने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को सरकारी और निजी स्कूलों में जाकर पात्र बालिकाओं को वैक्सीन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा किशोरियों तक पहुंचकर समय पर लक्ष्य पूरा किया जाए। जिले में 500 से ज्यादा किशोरियों का टीकाकरण किया गया।