डीडवाना-कुचामन पुलिस नवरात्रि के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए अलर्ट पर है। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देश पर जिले में 'शक्ति सुरक्षा अभियान' चलाया जा रहा है। इसके तहत गरबा-डांडिया स्थलों, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर खास निगरानी रखी जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कालिका टीमों की बैठक हुई। इसमें महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर पुलिसकर्मियों को जरूरी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सतर्क रहने और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। 'शक्ति सुरक्षा अभियान' के तहत इन जगहों पर कालिका पेट्रोलिंग टीमें तैनात रहेंगी। महिला पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। महिलाओं और लड़कियों से छेड़छाड़, पीछा करने या परेशान करने वाले मनचलों पर पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी। पुलिस का मकसद है कि नवरात्रि में महिलाएं और लड़कियां बिना किसी डर के धार्मिक आयोजनों और अन्य सार्वजनिक गतिविधियों में शामिल हो सकें। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि महिला सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।