डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए दो दिवसीय विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत जिलेभर में 47 पुलिस टीमें गठित की गईं, जिनमें 183 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। इन टीमों ने कुल 374 स्थानों पर दबिशें दीं। अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 59 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें जघन्य अपराधों में वांछित 4 अपराधी, 20 स्थाई वारंटी, 4 गिरफ्तारी वारंटी और सामान्य प्रकरणों में वांछित 6 अपराधी शामिल थे। इसके अलावा धारा 170 बीएनएसएस के तहत 49 व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया।