डीडवाना नगर परिषद में खराब सफाई व्यवस्था पर वार्ड 32 के पार्षद और जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव उदाराम चौहान ने नाराजगी जताई है। उन्होंने नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सफाई ठीक करने की मांग की। पार्षद ने चेतावनी दी कि 19 अक्टूबर 2026 तक सुधार न होने पर वे 20 अक्टूबर से नगर परिषद गेट के सामने आमरण अनशन पर बैठेंगे। चौहान ने बताया कि नया बोर्ड बने 20 दिन से ज्यादा हो गए, पर शहर के वार्डों में सफाई नहीं हुई। फतेहपुरी गेट से सिंधी बास जाने वाले मुख्य मार्ग (वार्ड 20, 34, 33, 32, 29) और सालासर रोड पर कचरे के ढेर हैं। बदबू और बंद लाइटों से परेशानी है, आवारा पशुओं से दुर्घटना का खतरा भी है। उन्होंने दिवाली से पहले फतेहपुरी गेट से निमड़ी चौराहे तक नियमित सफाई, कचरा हटाने और रोड लाइटें चालू करने की मांग की। ज्ञापन की कॉपी जिला कलेक्टर और उपखंड अधिकारी डीडवाना को भी भेजी गई है।