डीडवाना के दौलतपुरा गांव के पास सोमवार को टमाटर से भरा एक ट्रक पलट गया। हादसे में ट्रक सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। ट्रक नासिक से अमृतसर जा रहा था। पुलिस के अनुसार दौलतपुरा के पास एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। इस दौरान ट्रक सवार दो लोगों की नीचे दबने से मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर टमाटर बिखर गए, जिससे कुछ देर के लिए रास्ता बंद रहा। पुलिस ने क्रेन से ट्रक हटवाकर यातायात फिर से चालू कराया। दोनों शवों को राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मृतकों की पहचान की जा रही है। तीसरा व्यक्ति सुरक्षित है पर सदमे में है। पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है।