जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव के पहले चरण को लेकर प्रत्याशियों के नामांकन का आज आखिरी दिन है। भाजपा और कांग्रेस के कई प्रत्याशी आज नामांकन दाखिल करेंगे। इससे पहले भाजपा के 1 प्रत्याशी ने कल नामांकन भरा था, जबकि भाजपा के अन्य 47 वार्डों के प्रत्याशी आज नामांकन भरेंगे। कांग्रेस के भी कई वार्डों के प्रत्याशी पर्चा भरने पहुंचेगे। कांग्रेस ने अपने 47 प्रत्याशियों की औपचारिक सूची जारी की चुकी है तो भाजपा गुटबाजी के डर से मंगलवार सुबह तक सूची नहीं की। हालांकि सभी संभावित प्रत्याशियों को फोन कर मंगलवार को नामांकन के लिए कहा गया है। भाजपा से विधायक प्रत्याशी रहे हिम्मत सिंह झाला, जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया, विमल तावड़ और ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा की बेटी संजना मीणा समेत कई नेता नामांकन दाखिल करेंगे। मंगलवार को दिन भर 10 बजे से दोपहर 3 बजे जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन भरे जाएंगे। सोमवार को जिला परिषद के 48 और जिले की पंचायत समितियों के 292 नामांकन दाखिल हुए थे। उदयपुर में जिला परिषद के ​कुल 47 वार्ड हैं। जिला परिषद सदस्य के लिए सोमवार को कांग्रेस के दो और भाजपा के 1 बड़े नेता ने नामाकंन भरा। बड़े नेताओं में कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष रहे लालसिंह झाला ने वार्ड 2 और पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना के करीबी राजसिंह झाला ने वार्ड 32 से नामांकन भरा। वहीं भाजपा से देहात के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान ने वार्ड नंबर 40 से नामांकन भरा।