पाली में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक तस्कर को पुलिस ने गांव से दूर खेत में दबिश देकर गिरफ्तार किया। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने मोबाइल फोन का इस्तेमाल बंद कर दिया था और घर छोड़कर खेत में रह रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बुधवार अलसुबह खेत में दबिश दी और कमरे में सो रहे आरोपी को पकड़ लिया। डोडा-पोस्त तस्करी के मामले में फरार था ट्रांसपोर्ट नगर SHO हनुवंतसिंह सिसोदिया ने बताया- रोहट थाने में दर्ज डोडा-पोस्त तस्करी के मामले में पाली के शिवपुरा थाना क्षेत्र के भाणिया गांव निवासी प्रेमाराम (29) पुत्र बाबूलाल फरार चल रहा था। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी बंद कर दिया था। इसके चलते पुलिस के लिए उसकी तलाश करना मुश्किल हो गया था। इसी दौरान पुलिस टीम को आरोपी के खेत में छिपे होने की सूचना मिली। अलसुबह खेत में पहुंची पुलिस टीम मुखबिर की सूचना पर ट्रांसपोर्ट नगर थाने से हेड कांस्टेबल जस्साराम, रामनिवास और कांस्टेबल विजय चौधरी आरोपी को पकड़ने के लिए खेत पर पहुंचे। बुधवार अलसुबह पुलिस टीम खेत में पहुंची। जहां आरोपी एक कमरे में सो रहा था और उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था। पुलिस ने दरवाजा खटखटाया। आरोपी के दरवाजा खोलते ही टीम ने उसे पकड़ लिया और थाने लेकर आई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।