पंचायतीराज चुनावों को लेकर भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने जिला परिषद के 37 में से 30 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। बीएपी ने पूर्व जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ओर बीटीपी से डूंगरपुर के विधायक प्रत्याशी रहे डॉ. दीपक घोघरा को भी टिकिट दिया है। हालांकि 7 सीटों के लिए अभी तक नामों की घोषणा नहीं की है। भारत आदिवासी पार्टी के डूंगरपुर जिलाध्यक्ष प्रसून मसार ने जिला परिषद के 30 वार्डों के प्रत्याशियों की नाम की सूची जारी की है। इसमें वार्ड 1 से लेकर 26 ओर वार्ड 34 से लेकर 37 तक प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है। वार्ड 27 से 33 तक 7 वार्डों के लिए नामों का ऐलान नहीं किया है। इसमें वार्ड 35 कोलखंडा से पूर्व जिलाध्यक्ष अनुतोष रोत, वार्ड 36 से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कांति भाई रोत ओर वार्ड 37 मेताली से डॉ. दीपक घोघरा को टिकिट दिया है। इसके अलावा कांग्रेस से 3 बार प्रधान रह चुकी ओर विधायक का चुनाव लड़ी मंजुला रोत को वार्ड 8 झोंथरी से बीएपी ने टिकिट दिया है। इसके अलावा बीएपी ने पंचायत समिति सागवाड़ा के लिए भी अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है।