डूंगरपुर जिले में मुस्लिम समुदाय ने बुधवार को पैगम्बर हजरत मुहम्मद का जन्मोत्सव ईद मिलादुन्नबी पर्व परंपरागत तरीके से मनाया। इस अवसर पर शहर में बैंड-बाजों के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। शहर काजी की सदारत में निकाले गए इस जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। शहर पैगम्बर साहब के नारों से गूंज उठा। ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर मुस्लिम समाज में उत्साह देखा गया। मुस्लिम बहुल इलाकों को सजाया गया था। शहर काजी की सदारत में जुलूस सीरत कमेटी से रवाना हुआ। जुलूस के आगे बैंड पर कौमी धुनें बज रही थीं, वहीं बच्चे और युवा झंडे लहरा रहे थे। यह जुलूस सीरत कमेटी से घाटी, हाजीपुरा, फोज का बडला, माणक चौक, सौनिया चौक और पुराना अस्पताल होते हुए पुनः घाटी स्थित मदीना मस्जिद पहुंचा। यहां सभी ने एक-दूसरे को पैगम्बर साहब के जन्मदिन की बधाई दी। जुलूस को देखते हुए जिला प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। रात को सीरत कमेटी परिसर में मिलाद शरीफ का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पूर्व अध्यक्ष दरगाह अजमेर, असरार अहमद ने इस अवसर पर अपनी बात रखी।