डूंगरपुर पुलिस ने एलडीसी और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर की नौकरी लगाने के नाम पर हुई 3 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 8 महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली थाने के सीआई हिमांशु सिंह ने बताया कि ब्रह्मस्थली कॉलोनी डूंगरपुर की मेघा सोनी पत्नी सचिन सोनी ने 26 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि रोहिड़ा निवासी अरविंद वडेरा ने डूंगरपुर में एलडीसी या ब्लॉक कोऑर्डिनेटर की नौकरी लगवाने का झांसा देकर उनसे 3 लाख 50 हजार रुपए ले लिए थे। आरोपी ने पिछले साल दीपावली या दिसंबर तक नौकरी का नियुक्ति आदेश दिलवाने का वादा किया था, लेकिन नौकरी नहीं लगवाई। मेघा सोनी ने जब बार-बार अपने पैसे मांगे तो आरोपी टालता रहा और पैसे वापस नहीं दिए। केस दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया था। आज कोतवाली थाना पुलिस ने बांसवाड़ा जिले के लोहारिया निवासी आरोपी अरविंद पिता धूलजी वडेरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।