शक्ति आराधना के महापर्व शारदीय नवरात्रि के पहले दिन से ही गरबा पांडालों और दैवीय मंदिरों में भक्तों की भीड़ नजर आई। दिनभर घट स्थापना के बाद रात को गरबा चौक आकर्षक रोशनी से जगमग नजर आए। माता की पूजा आराधना के बाद आरती उतारी। वहीं, कई गरबा चौक पर पहले दिन से ही गरबों की धूम शुरू हो गई। अगले दिनों में गरबा पांडालों में रौनक बढ़ जाएगी। शारदीय नवरात्रि की शुरुआत रविवार को घट स्थापना के साथ हुई। दिनभर माता रानी की पूजा अर्चना ओर अनुष्ठान हुए। शाम ढलते ही दैवीय मंदिर, शक्तिपीठ ओर गरबा पांडाल आकर्षक रोशनी से नहाये नजर आए। गरबा पांडालों को अलग अलग तरीके से सजाया गया है। शाम होते ही गरबा चौक पर माइक और डीजे की धुनें शुरू हो गई, जहां माता के भजन और गुजराती गरबे सुनाई दिए। पांडालों में लोगों की भीड़ जुटने लगी। समय होते ही दैवीय मंदिरों में पूजा अर्चना के बाद आरती उतारी गई। शास्त्री कॉलोनी लाल माता मंदिर, हाउसिंग बोर्ड अंबे माता, पत्रकार कॉलोनी, न्यू कॉलोनी, फौज का बडला महालक्ष्मी माता मंदिरों में आरती के बाद महिलाओं ने मंगल गीत गाए। कई गरबा चौक पर गुजराती गरबा की धुनें शुरू हुई तो महिलाएं ओर युवतियां गरबा खेलते दिखी। नवरात्रि के अगले दिनों में गरबा चौक पर गरबा खेलने वालों का जबर्दस्त उत्साह देखने को मिलेगा।