डूंगरपुर जिले के रामसागड़ा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जेलाना गांव के पास दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में यह घटना हुई। पुलिस मृतकों की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार यह हादसा तब हुआ जब दो मोटरसाइकिलें तेज गति से आ रही थीं और उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। तत्काल 108 एंबुलेंस और रामसागड़ा थाना पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों शवों को जिला अस्पताल डूंगरपुर की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के पास से तत्काल कोई पहचान पत्र नहीं मिला है, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के नंबर और आसपास के ग्रामीणों की मदद से मृतकों की शिनाख्त करने में जुटी है। शिनाख्त होने के बाद ही शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।