डूंगरपुर जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सिंगापुर में नौकरी का झांसा देकर 2 युवकों से 13 लाख रुपए ठगे थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। कोतवाली थाने के एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि माडा निवासी दिनेश ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि बनकोड़ा निवासी दीपक उपाध्याय, उसकी पत्नी सोनाली गोखले और पिता विनोद उपाध्याय ने दिनेश और उसके दोस्त गौतम पटेल से अलग-अलग तरीकों से कुल 13 लाख रुपए लिए थे। उन्होंने वर्क वीजा देने का करार किया था। आरोपियों ने धमकी दी हालांकि, असली वर्क वीजा की जगह दोनों पीड़ितों को विजिट वीजा पर सिंगापुर भेज दिया गया। वहां पहुंचने पर उन्हें न कोई कंपनी मिली और न ही काम। इसके बाद 11 जून 2026 को दोनों पीड़ित भारत लौट आए। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें धमकी देना शुरू कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना और पुलिस जांच के आधार पर आरोपी दीपक उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी शातिर तरीके से विदेश में वर्क वीजा का झांसा देकर लोगों से बड़ी रकम ठग लेता था और वर्क वीजा के नाम पर विजिट या ट्रेनिंग पास दे देता था। विदेश पहुंचने पर काम नहीं मिलने से पीड़ितों को मजबूर होकर वापस लौटना पड़ता था। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।