आंध्र प्रदेश के अनंतापुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान टीम अपने अभियान की शुरुआत 16 सितंबर को ओडिशा के खिलाफ मुकाबले से करेगी। जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष गुरमीत मान ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर राजस्थान की टीम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। टीम में धौलपुर जिले की फुटबॉल प्रतिभाओं को भी महत्वपूर्ण स्थान मिला है। जिला फुटबॉल एसोसिएशन, वीके अकेडमी तसीमों और खालसा क्लब से जुड़े खिलाड़ी एवं पदाधिकारी राजस्थान टीम का हिस्सा हैं। राजस्थान टीम की हेड़ कोच संगीता दास के मार्गदर्शन में खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए मैदान पर उतरेंगे। टीम के कोच देवेन्द्र परमार, मैनेजर लक्की परमार तथा फिजियो वंकिता टंडन खिलाड़ियों की तैयारियों और फिटनेस पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। टीम में धौलपुर जिला फुटबॉल एसोसिएशन से संदीप रानि, वीके अकेडमी तसीमो से अरविंद शर्मा तथा खालसा क्लब से हरजीत संधु और पलविंदर बैंस का भी सहयोग रहेगा। धौलपुर की फुटबॉल प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच... राजस्थान टीम में धौलपुर जिले के खिलाड़ियों और फुटबॉल प्रशिक्षकों की भागीदारी जिले के खेल जगत के लिए गौरव का विषय है। जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सहयोग से तैयार हो रही इन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। वीके एकेडमी तसीमो और खालसा क्लब लंबे समय से फुटबॉल खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहे हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान की टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ियों से जिले के खेल प्रेमियों को भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को उच्च स्तर के मुकाबलों का अनुभव मिलेगा, जिससे भविष्य में राज्य की महिला फुटबॉल को और मजबूती मिलने की संभावना है। प्रतिज्ञा को कप्तानी की जिम्मेदारी राजस्थान टीम की कमान प्रतिज्ञा को सौंपी गई है, जबकि धन्नू उप कप्तान की भूमिका निभाएंगी। टीम में शामिल 20 खिलाड़ी प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी। खिलाड़ियों से बेहतर तालमेल, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की उम्मीद है।