भास्कर न्यूज | झालावाड़ अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित डीओआईटी के वीसी कक्ष में जिला स्तरीय समारोह हुआ। इसमें उपखंड अधिकारी सोनू कुमारी ने आमंत्रित वृद्धजनों को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर कई वृद्धजन भावुक नजर आए और उन्होंने जिला प्रशासन का आभार जताया। एसडीएम ने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज के अनुभवों के साथ-साथ संस्कृति और संस्कारों की धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान हमारी परंपरा और संस्कारों का हिस्सा है। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम में अधिकारी-कर्मचारी व वृद्धजन मौजूद रहे।