भास्कर न्यूज | दौसा शहर के हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-2 भांकरी रोड स्थित चौधरी वाली गली में मुख्य सड़क पर मिट्टी डालकर रास्ता बंद कर दिया है। इससे सैकड़ों कॉलोनीवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब दो माह से सड़क पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित कर दिया गया है। इससे क्षेत्रवासियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब एक किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि यह सड़क क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़क है। रास्ता बंद होने से स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों, स्कूल बसों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बंद होने से रोजाना आवागमन में दिक्कत के साथ समय भी अधिक लग रहा है। क्षेत्रवासियों के अनुसार समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में रोष बढ़ रहा है। नागरिकों ने आशंका जताई कि आपात स्थिति में रास्ता बंद होने से एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं को मौके तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, नगर परिषद और पुलिस प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर सार्वजनिक मार्ग से अतिक्रमण हटाने और रास्ता खुलवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण कर आवागमन बंद करना गंभीर समस्या है।