नगर निगम चुनावों की मतगणना के दौरान 4 वार्डों के 5 बूथों की ईवीएम में आई तकनीकी खराबी के चलते पुनर्मतदान करवाए जाएंगे। जिन बूथों पर तकनीकी कारणों से मतों का परिणाम प्रदर्शित नहीं हो सका और अप्रदर्शित मतों की संख्या निकटतम प्रतिद्वंद्वी के हार-जीत के अंतर से अधिक है, वहां आयोग ने राजस्थान नगर पालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 55 के तहत मतदान को शून्य घोषित कर दिया है। नगर निगम जयपुर के वार्ड-9 के बूथ 111, वार्ड-18 के बूथ 235, वार्ड-25 के बूथ 343 और वार्ड-34 के बूथ 477 व 484 पर चुनाव आयोग के विशेष दिशा-निर्देश पर पुनर्मतदान होगा। मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनके बाएं हाथ की मध्यमा पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। पुनर्मतदान 16 सितंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। मतगणना 17 सितंबर को सुबह 8 बजे होगी। मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव टले राज्य निर्वाचन आयोग ने आगामी आदेश तक मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव स्थगित कर दिए। 15 सितंबर को मेयर और 22 सितंबर को डिप्टी मेयर का चुनाव होना था। सभी 150 वार्ड के अंतिम परिणाम घोषित नहीं होने से दोनों चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित कर दिए गए हैं।