भरतपुर| हीरादास से सेवर तक मुख्य सड़क पर निर्माण कार्य के चलते नुमाइश मैदान से छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही हो रही है, लेकिन बारिश के बाद मैदान खुद जलभराव की चपेट में आ गया है। पास का नाला बंद होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। ‘खेलो इंडिया’ की दीवार के पास घुटनों तक गंदा पानी जमा है। इसी पानी के बीच से वाहन चालक और पैदल राहगीर निकलने को मजबूर हैं। गहरे पानी में सड़क की स्थिति दिखाई नहीं देने से हादसे का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग बंद होने से नुमाइश मैदान पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में जलभराव ने परेशानी और बढ़ा दी है। जिससे लोग परेशान है। लोगों ने प्रशासन से नाले की सफाई कराने और तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।