शहर के अटरू रोड स्थित मार्केटिंग सोसायटी पर शुक्रवार को सुबह से ही खाद लेने के लिए किसानों की लंबी कतार लग गई। आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज से आए किसान 5 कट्टे डीएपी के लिए घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सुबह शुरू हुई कतार दोपहर तक बनी रही। तेज धूप और उमस के बीच लंबे इंतजार से किसान बेहाल नजर आए। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, सोसायटी पर किसानों की भीड़ भी बढ़ती गई। इससे कई बार व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति बनी और धक्का-मुक्की भी हुई। मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती करनी पड़ी। खाद का वितरण टोकन व्यवस्था के तहत किया जा रहा था। टोकन के अनुसार खाद लेने के लिए किसान अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बीच में अपनी बारी आने की बात कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर खाद वितरण भी कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। समझाइश के दौरान वह पुलिसकर्मी से भी उलझने लगा। पुलिसकर्मी की सूचना पर थाने से अतिरिक्त जाब्ता मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक संबंधित व्यक्ति वहां से चला गया। महिलाएं घर का काम छोड़कर कतार में, बुजुर्ग भी परेशान खाद की जरूरत पूरी करने के लिए महिलाएं भी घर का काम छोड़कर सोसायटी पहुंच रही हैं। वे भी पुरुष किसानों के साथ घंटों कतार में खड़ी होकर अपनी बारी का इंतजार कर रही हैं। बुजुर्ग किसानों के लिए भी तेज गर्मी और उमस में लंबे समय तक लाइन में खड़ा रहना मुश्किल हो रहा है। किसानों का कहना है कि बुवाई के समय खाद की जरूरत तत्काल होती है, लेकिन पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से उन्हें बार-बार सोसायटियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। विभाग बोला- डीएपी की रैक जल्द कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक राजेश विजय ने बताया कि खाद वितरण को लेकर फिलहाल थोड़ी परेशानी आ रही है। निजी क्षेत्र में भी डीएपी की रैक जल्द मिलने की उम्मीद है। कई किसान अपनी अग्रिम जरूरत के लिए भी अभी खाद खरीद रहे हैं। किसानों को वर्तमान आवश्यकता के अनुसार ही खाद खरीदने की सलाह दी जा रही है।