राहुवास | जयपुर के जामडोली से राहुवास क्षेत्र के अलीपुरा स्थित श्री बख्तावर महाराज के दरबार के लिए छठी पदयात्रा 28 अगस्त को श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना होगी। पदयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। यात्रा के संचालक एवं झंडाधारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पदयात्रा 28 अगस्त को जामडोली से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रवाना होगी। यात्रा का पहला रात्रि विश्राम शुक्रवार को बस्सी के मोहनपुरा में होगा। इसके बाद शनिवार को पदयात्री दौसा पहुंचेंगे। वहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। रविवार को यात्रा दौसा से रवाना होकर राहुवास पहुंचेगी। यहां से पदयात्री अलीपुरा स्थित श्री बख्तावर महाराज के दरबार के लिए रवाना होंगे। अलीपुरा पहुंचने के बाद रात में भव्य सत्संग का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु भजन-कीर्तन कर बख्तावर महाराज का गुणगान करेंगे। यात्रा के अंतिम पड़ाव पर सोमवार को बख्तावर महाराज के दरबार में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर ध्वजा का विसर्जन किया जाएगा।