भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर वन्य जीव सप्ताह कार्यक्रम के प्रथम दिन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उलियाणा में गुरुवार को "सेंचुरी नेचर फाउन्डेशन व मॉर्निंगस्टार इंडिया" संस्था के संयुक्त तत्वावधान में ग्रीन कार्बन कार्यक्रम के तहत अध्ययनरत विद्यार्थियों को निशुल्क: स्कूल बैग व सोलर लेम्प व पाठ्य सामग्री वितरित की गई। प्रोजेक्ट हैड गोवर्धन मीणा ने बताया कि कक्षा 6 से कक्षा 12 तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों को संस्था की तरफ से स्कूल बैगों का वितरण किया गया। बोर्ड परीक्षार्थियों को सोलर लैंप वितरित किए गए। कक्षा एक से 5वीं तक के समस्त विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य सामग्री वितरित की गई। अध्यक्षता सरपंच बाबूलाल मीणा ने की। विशिष्ट अतिथि डॉ. रामसिंह मीणा वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी व युवा नेता विनोद कुमार मीणा जगनपुरा मौजूद रहे। डॉ.रामसिंह मीणा ने विधार्थियों को पढ़ाई के साथ पर्यावरण एवं वन्य-जीव संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर कॅरियर के लिए लक्ष्य निर्धारित करने व जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सरकार‌ के‌ "वन-हेल्थ कार्यक्रम" व विभिन्न जुनोटिक बीमारियों के बारे में बताया। प्रधानाचार्य कमलेश मीना ने बताया कि विद्यार्थियों की जरूरत को देखते हुए इसके लिए पहल की और भामाशाहों व संस्थाओं से संपर्क किया। इसके बाद पर्यावरण और वन्य जीव संरक्षण के साथ ग्रामीण शिक्षा को बढ़ावा देने वाली संस्था सेंचुरी नेचर फाउंडेशन व मॉर्निंगस्टार इंडिया ने स्कूल बैग व सोलर लैम्प स्थानीय विद्यालय को उपलब्ध करवाएं।