करौली में गांधी जयंती पर महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद किया गया। राजकीय माध्यमिक स्कूल परिसर में अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान लोक कलाकारों ने बापू की प्रिय रामधुन और 'वैष्णव जन तो तेने कहिए' की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट-गाइड ने हिस्सा लिया। मौजूद लोगों को सत्य, अहिंसा, ईमानदारी से कर्तव्य पालन और स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने किया। एडीएम जगदीश प्रसाद गौड़, एसडीएम राकेश कुमार रावत, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सर्वेश गुप्ता और प्राचार्य देवेंद्र पाराशर ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। एडीएम गौड़ ने गांधीजी के विचारों को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और देश के प्रति उनके योगदान को भी याद किया गया।