राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को मनाई गई। इस मौके पर जिला मुख्यालय के गांधी पार्क में सर्वधर्म प्रार्थना सभा रखी गई। कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश गोयल समेत कई अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बापू और शास्त्री जी की तस्वीरों पर फूलमाला चढ़ाई और श्रद्धांजलि दी। सभा में विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने प्रार्थनाएं कीं। दिलीप कश्यप, रमेश कोठारी और राजेश बारबर ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन 'वैष्णव जन तो तेने कहिए' और 'रघुपति राघव राजा राम' गाए। 2 मिनट का मौन भी रखा गया। इस दौरान बाल विवाह रोकने और स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। इससे पहले कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अगुवाई में श्रमदान हुआ। उन्होंने स्वच्छता के लिए प्रेरित किया और गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण के निर्देश नगर परिषद अधिकारियों को दिए।