कासं| सवाई माधोपुर मानव सेवा प्रकृति प्रेमी ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित पांचवें गणेश महोत्सव का शुक्रवार को गणेश विसर्जन के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर पूजा-अर्चना के बाद गणेश प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। पूर्व सभापति गीता सैनी ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शोभायात्रा ग्रुप के स्थानीय कार्यालय से रवाना होकर बस स्टैंड तिराहा, मुख्य बाजार, हायर सेकंडरी स्कूल, हरसहाय कटला होते हुए खंडार रोड से कुशालीदर्रा पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ भगवान गणेश की आराधना की। कुशालीदर्रा पहुंचने पर पूजा-अर्चना के बाद गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। साथ ही पांचवें गणेश महोत्सव का समापन हुआ। कार्यक्रम में हनुमान सिंह नरूका, शंकरलाल सैनी, रोहित गुप्ता, रूपेन्द्र सिंह सोलंकी, राजमल सैनी, योगहंस सैनी, धीरज मित्तल, सुरेशचंद बागड़ी, पवन कुमावत, सचिव राजेश सैनी, विनोद कुमावत, कृष्णगोविन्द सैनी, पवन कुमावत, मेघराज खंगार, कल्पना मित्तल, सीमा, माया, मनीषा, नेहा और अनिता आदि मौजूद रहे।