प्रथम पूज्य भगवान गणेश का जन्मोत्सव सोमवार को चतुर्थी पर मनाया जाएगा। गणेश मंदिरों व सार्वजनिक स्थानों पर गणेश पूजा होगी। इसके लिए कलाकारों ने मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया। बगड़ रोड स्थित गणेश मंदिर में दोपहर 12:15 बजे भगवान गणेश का पंचामृत से अभिषेक कर श्रृंगार किया जाएगा। छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। जयराम सतरावला ने बताया कि महाआरती के बाद दोपहर 1:15 बजे बाबा कल्याण दास आश्रम में संतों के सानिध्य में पूजा के लिए प्रतिमा स्थापित की जाएगी। शाम को मंदिर परिसर में मेला भरेगा। महोत्सव के अंतिम दिन 18 सितंबर को सुबह 9:15 बजे पूजा व आरती के बाद विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी।