वाशिंग मशीन खराब होने पर रिफंड नहीं करने पर दुकानदार को लात-घूंसों से पीटा। बीच-बचाव करने आए कर्मचारी और उसकी पत्नी से भी मारपीट की गई। इस दौरान दुकानदार के कपड़े फट गए, हाथ फ्रैक्चर हो गया। जबरन 5,500 रुपए लेने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने 14 आरोपियों के खिलाफ 24 सितंबर को मामला दर्ज किया है। घटना गंगापुर थाना क्षेत्र में मेहता पेट्रोल पंप के सामने स्थित महावीर रेफ्रिजरेशन शॉप पर 23 सितंबर शाम करीब 7:30 बजे हुई। आज घटना का वीडियो सामने आया है। अब पढ़िए … क्या है पूरा मामला दुकान के बाहर कई वाहनों से पहुंचे लोग गंगापुर थाना प्रभारी पूरण मीणा ने FIR के अनुसार बताया- मेहता पेट्रोल पंप के सामने स्थित महावीर रेफ्रिजरेशन पर दो महिंद्रा थार, एक फॉर्च्यूनर, एक टाटा ईवी और एक महिंद्रा टीयूवी कार में सवार होकर करीब दो दर्जन से ज्यादा लोग पहुंचे। सभी लोग एक साथ दुकान के अंदर घुस गए। वहां मौजूद दुकानदार सम्पत लाल को घेर लिया। इस दौरान सम्पत लाल की पत्नी और कर्मचारी धर्मराज भील भी मौजूद थे। वाशिंग मशीन के 5 हजार रुपए रिफंड को लेकर विवाद थाना प्रभारी पूरण मीणा ने बताया- आरोपी कैलाश जाट ने वाशिंग मशीन खराब होने पर उसके 5 हजार रुपए वापस करने की मांग की। सम्पत लाल ने बताया - मशीन उसकी नहीं, बल्कि कंपनी की है। उसे रिपेयरिंग के लिए भेजा जा चुका है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान दुकानदार संपतालाल के कपड़े फट गए। आरोपियों ने लात-घूंसों से पीटा और जबरन 5500 रुपए ले लिए। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी और कर्मचारी धर्मराज भील के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। सिर में चोट आई और हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि उसकी पत्नी और कर्मचारी धर्मराज भील के शरीर पर भी अंदरूनी चोटें आईं। हॉस्पिटल ले जाने के कारण उसी रात नहीं दे सका रिपोर्ट सम्पत लाल ने बताया-घटना के बाद इलाज के लिए हॉस्पिटल जाने के कारण समय से पुलिस को रिपोर्ट नहीं दे पाया। जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी दे गए। सम्पत लाल ले बताया- अप्रैल महीने में इन लोगों को वाशिंग मशीन दिलवाई थी। मशीन उसकी दुकान पर उपलब्ध नहीं थी, इसलिए उन्होंने किसी दूसरी जगह से मशीन दिलवाने के लिए कहा था। इसके बाद उसने उन्हें मशीन दिलवा दी। मशीन में टेक्निकल प्रॉब्लम आने के बाद वह बंद हो गई। 14 नामजद आरापियों के खिलाफ मामला दर्ज गंगापुर थाना प्रभारी पूरण मीणा ने बताया सम्पत लाल की रिपोर्ट पर 14 नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकाने का मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ ही मामले की जांच की जा रही है। रिपार्ट पर रामकिशन जाट पुत्र माधुलाल जाट, कैलाश जाट पुत्र छीतरमल जाट, लक्ष्मीलाल जाट पुत्र माधुलाल जाट, सोनू जाट पुत्र शंकरलाल जाट, श्रवण जाट पुत्र डालू जाट, धर्मेन्द्र जाट पुत्र डालू जाट, हंसराज जाट पुत्र रामचन्द्र जाट और राजेन्द्र लुहार पुत्र नारायण लुहार, निवासी भावलास (थाना बागोर), जगदीश जाट पुत्र सोहनलाल जाट, निवासी लेसवा (थाना बागोर); गोपाल जाट पुत्र मोहनलाल जाट, अशोक जाट पुत्र शंकर जी जाट और बद्री जाट पुत्र शंकर जाट, निवासी बोरियापुरा (थाना बागोर); नारायण पुत्र जगदीश जाट, निवासी किरतपुरा, (थाना मांडल) और गोपाल वैष्णव पुत्र रामप्रसाद वैष्णव, निवासी मैलोनी खेड़ा (गंगापुर थाना गंगापुर) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।