गणेश महोत्सव के अंतिम दिन टोडरा क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्री गणेश सेवा समिति की ओर से आयोजित 12 दिवसीय गणेश महोत्सव के तहत गुरुवार रात गणेश पंडाल में डांडिया कार्यक्रम हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे पंडाल में डांडिया की ताल गूंजी तो बालिकाओं सहित श्रद्धालु झूम उठे। देर रात तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।समिति की ओर से कई धार्मिक आयोजन किए गए। फूल बंगला झांकी, 201 दीपकों से महाआरती, 11 फलों की विशेष झांकी, राधा की सजीव झांकी, 1111 लड्डुओं का भोग और 56 भोग की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।