नालसा की 60 दिवसीय मेगा ड्राइव योजना के तहत मंगलवार को घाणा ग्राम पंचायत भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश बन्नालाल जाट के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उमेश वीर ने अस्थाई विधिक सहायता क्लिनिक का शुभारंभ किया। योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी इस अवसर पर सचिव उमेश वीर ने कहा- विधिक सहायता क्लिनिक के माध्यम से ग्रामीणों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और कानूनों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। हनुमान मंदिर परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम इसके बाद घाणा के हनुमान मंदिर परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सचिव उमेश वीर ने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभ बताते हुए राजीनामा योग्य प्रकरणों का अधिक से अधिक आपसी सहमति से निस्तारण करवाने में सहयोग करने की अपील की। विमंदित पुनर्वास गृह का निरीक्षण सचिव उमेश वीर ने मंगलवार को आहोर स्थित मानसिक विमंदित पुनर्वास गृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को यहां रहने वाले विमंदितों को नियमानुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण करते हुए बाहर से खरीदी जाने वाली सब्जियों एवं फलों को अच्छी तरह धोकर उपयोग में लेने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पुनर्वास गृह की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। ये मौजूद रहे कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत घाणा के प्रशासक कानाराम मीणा, ग्राम विकास अधिकारी दिनेश कुमार हंस, पीएलवी देवाराम, पुष्पा कुमारी, शांतिलाल मीणा सहित ग्रामीण मौजूद रहे।