श्रीगंगानगर जिले के घड़साना में सिंचाई के पानी की मांग को लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं। गांव 12 एमडी स्थित टोल नाके पर सभा के बाद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संयोजक नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा- समय लग सकता है। लड़ाई आर-पार की है। इस बार घड़साना, रावला मंडी समेत क्षेत्र के किसानों को न्याय दिलाकर रहेंगे। बेनीवाल ने कहा- हम चाहते हैं कि लॉ एंड ऑर्डर नहीं बिगड़े। सरकार आराम से हमारी बात को सुने। हमने बातचीत के दरवाजे खुले रखे हैं। यहां का किसान पिछले 25 साल से लड़ाई लड़ रहा है। वह थकने वाला नहीं है। प्रशासन से वार्ता में बात बनती है तो ठीक है, नहीं तो दूसरा रास्ता देखेंगे। उन्होंने कहा- घी जब सीधी अंगुली से नहीं निकलता है तो अंगुली टेढ़ी करनी पड़ती है। किसान पूरा सहयोग करना चाहते हैं, लेकिन सरकार सहयोग नहीं कर रही है। इसका नतीजा सरकार को भुगतना पड़ेगा। किसान आंदोलन के बीच रविवार शाम 7:15 बजे अनूपगढ़ ADM ऑफिस में प्रशासन और किसान प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता हुई, जिसमें हनुमानगढ़ सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता अरुण सिडाना सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वार्ता के दौरान आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल टोल प्लाजा पर किसानों के बीच मौजूद रहे और एक किसान के मोबाइल पर हैंड्स-फ्री कॉल के जरिए मुख्य अभियंता अरुण सिडाना से बात की। बेनीवाल ने उनसे स्पष्ट रूप से पूछा कि यदि विभाग किसानों को पानी दे सकता है तो साफ तौर पर बताएं और धरनास्थल पर आकर बातचीत करें, अन्यथा अपनी असमर्थता बता दें। बेनीवाल ने कहा- किसान अपना हक लेना जानते हैं और जीत किसानों की ही होगी। हालांकि, प्रशासन और किसान प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई वार्ता विफल रही। वार्ता बेनतीजा रहने के बाद किसान अब आंदोलन की आगामी रणनीति तय करेंगे। देखिए, किसानों के आंदोलन की PHOTOS… किसानों के साथ हाईवे पर सोए हनुमान बेनीवाल इससे पहले शनिवार रात को सैकड़ों किसानों ने हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने श्रीगंगानगर की ओर कूच किया था। पुलिस ने गांव 12 एमडी स्थित टोल नाके पर बैरिकेडिंग कर बेनीवाल के काफिले को रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसान बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए थे। किसानों ने पतरोड़ा के पास नेशनल हाईवे-911 जाम कर दिया। बेनीवाल ने किसानों के साथ वहीं रात गुजारी। रात करीब 3 बजे SDM और पुलिस अफसरों के साथ वार्ता हुई, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद बेनीवाल ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। आरएसी और पुलिस के जवान तैनात रविवार सुबह से ही किसान 12 एमडी टोल प्लाजा पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने यहां बैरिकेडिंग कर रखी है। मौके पर RAC की 3 कंपनियां और पुलिस के करीब 550 जवान तैनात हैं। टोल प्लाजा पर चक्का-जाम के चलते कूपली चौक पर बीकानेर की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है। मांगें नहीं माने जाने तक डटे रहेंगे किसान नेता नरेंद्र मान ने बताया- किसान आंदोलन का आज 32वां दिन है, लेकिन सरकार ने अभी तक केवल आधी मांगें ही मानी हैं। किसान पूरी रात प्रदर्शन करते रहे, जबकि प्रशासन रेगुलेशन बदलने में समय लगने का हवाला देकर बात टालता रहा। जब तक किसानों की सभी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक वे मौके पर डटे रहेंगे और सभा जारी रखेंगे। रात 3 बजे वार्ता विफल इससे पहले शनिवार रात 1 बजे किसान पतरोड़ा के पास नेशनल हाईवे-911 जाम अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के आसपास बैठ गए। रात करीब 3 बजे एसडीएम दीपक चंदन, एएसपी नीलम चौधरी और डीएसपी जयप्रकाश बेनीवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी समझाइश के लिए पहुंचे, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। इस दौरान हनुमान बेनीवाल ने सरकार को किसानों की मांगें मानने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं माने जाने पर पूरे प्रदेश में हाईवे जाम किए जाएंगे। वार्ता में सहमति नहीं बन पाने पर बेनीवाल ने रविवार को उसी 12 एमडी टोल प्लाजा पर सभा करने का ऐलान कर दिया, जहां से प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े थे। 18 सितंबर से किसानों ने किया एसडीएम ऑफिस पर पड़ाव किसानों ने सिंचाई पानी सहित चार सूत्री मांगों को लेकर 10 सितंबर को आंदोलन शुरू किया था। मांगों का समाधान नहीं होने पर 18 सितंबर से घड़साना उपखंड कार्यालय के सामने पड़ाव डाल दिया। इसके बाद किसानों ने धरना जारी रखते हुए प्रशासन पर मांगों के समाधान के लिए दबाव बनाया। किसान प्रतिनिधियों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की वार्ताएं हुईं, लेकिन किसानों के अनुसार अब तक मांगों पर अंतिम सहमति और लिखित समझौता नहीं हो सका। किसानों का कहना है कि पर्याप्त पानी नहीं मिलने से बिजाई प्रभावित हो रही है। आगे फसल पकाई के दौरान भी पानी की कमी का संकट रहने की आशंका है। हम चाहते हैं कि पानी के बंटवारे की व्यवस्था ऐसी हो, जिससे बार-बार आंदोलन करने की नौबत नहीं आए। … प्रदर्शन से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें हनुमान बेनीवाल ने किसानों के साथ किया श्रीगंगानगर कूच:ट्रैक्टर से बैरिकेड्स तोड़े, हाईवे पर धरने पर बैठे; सिंचाई के पानी की मांग को लेकर आंदोलन श्रीगंगानगर जिले के घड़साना में सिंचाई पानी की मांग को लेकर चल रहा किसान आंदोलन अब उग्र हो चुका है। शनिवार रात करीब 9.20 बजे राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संयोजक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने श्रीगंगानगर कूच किया। (यहां पढ़ें पूरी खबर)