उदयपुर शहर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में हाथियारों से लैस बदमाश रेकी करते नजर आए। घटना गोकुलधाम कॉलोनी की है। वहां का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें 4 नकाबपोश बदमाश कॉलोनी में रेकी करते दिखाई दिए। क्षेत्रवासी उज्जवल मेहता और दिनेश चन्द्र जैन ने बताया कि कॉलोनी में पहले भी चोरियां हो चुकी हैं। सीसीटीवी से साफ नजर आ रहा है कि बदमाश किसी बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। चोर 11 अक्टूबर की सुबह करीब 3.30 बजे के आसपास कॉलोनी में घूमते देखे गए हैं। अब क्षेत्रवासियों में भी डर और असुरक्षा का माहौल है। थानाधिकारी से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की क्षेत्रवासियों ने इस संबंध में गोवर्धन विलास थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर रात में प्रभावी गश्त की मांग की है। लोगों ने पुलिस को बताया कि गश्त के अभाव में चोरी सहित अन्य आपाराधिक गतिविधियों के होने की आशंका बनी रहती है। लोगों ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।