गुलाबी नगरी जयपुर के सिंधी कैंप स्थित होटल रामसिंह में आयोजित भव्य काव्य मंच 'वर्ल्ड ट्रेंड पोएट्री 21.0' में साहित्य, कविता और शायरी का अनूठा संगम देखने को मिला। इस कार्यक्रम में टोंक जिले के कवि हनुमान बादाम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं टोंक के कवि दया शर्मा सहित प्रदेशभर के वरिष्ठ एवं युवा रचनाकारों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से महफिल में समां बांध दिया। प्रदेशभर से आए कलाकार काव्य संध्या में दया शर्मा, अनुराग प्रेमी, कविता विष्णु शर्मा, आशा बुनकर, आरती चौहान, स्वीटी शर्मा, अय्यूब बिस्मिल, शफीक वारसी, अमान, अपर्णा श्रीवास्तव, पूर्णिमा, राजकुमार, अंजू वैष्णव, मोहम्मद बाकिर, यति बहल, साहिल, योगेश्वरी, लुकमान गौरी, कमलेश गर्ग, नीलम, रामचंद्र और प्रेमा सहित अनेक रचनाकारों ने हिंदी, राजस्थानी एवं उर्दू की अपनी काव्य शैलियों से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में टोंक के साथ-साथ दौसा, जयपुर, कोटा, नागौर और भीलवाड़ा से आए कवियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। 'वर्ल्ड ट्रेंड पोएट्री' के संस्थापक महावीर शर्मा (पंकज नामुकिया) ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य देशज भाषाओं की मिठास और शायरी के रंगों के माध्यम से रचनात्मक प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम का सफल संचालन पंकज नामुकिया और कविता शर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में निदेशक सुरेश गौतम द्वारा प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।