हनुमानगढ़ जिले में भादरा थाना पुलिस ने 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की नकदी और सामान बरामद किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की है। यह कार्रवाई 21 अगस्त की रात हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित है। 22 अगस्त को राहुल सैनी, जगतपाल और अनिल ने भादरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि चोरों ने उनकी अलग-अलग दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और अन्य सामान चुरा लिया था। इस संबंध में भादरा थाने में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद थाना प्रभारी राधेश्याम के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जांच करते हुए आरोपी श्रवण और सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी किया गया सामान और नकदी बरामद की गई। चोरी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई है। एक आरोपी पर हरियाणा में 5 मामले दर्ज जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी श्रवण के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में चोरी के 5 मामले पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों में श्रवण (25) पुत्र महावीर निवासी जेसीबीटी कॉलोनी, डिंग मंडी, थाना डिंग मोड़, जिला सिरसा और सुरेश कुमार (23) पुत्र कालूराम निवासी डिंग मंडी, थाना डिंग मोड़, जिला सिरसा शामिल है।