हनुमानगढ़ शहर के वार्ड 27 स्थित गणपति कॉलोनी में विद्युत पोल पर लटक रहे खुले तारों की चपेट में आने से एक बच्चे को करंट लग गया। हादसे के बाद कॉलोनीवासियों में रोष फैल गया। बड़ी संख्या में लोग टाउन थाने पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में पीड़ित सतपाल ने पुलिस को परिवाद सौंपा है। पहले भी शिकायत करने का आरोप परिवाद में सतपाल ने बताया कि कॉलोनी में विद्युत पोल पर कई जगह तार खुले हुए हैं। इन तारों को बदलवाने और सुरक्षित करवाने के लिए कॉलोनी के केयरटेकर को कई बार सूचित किया गया था, लेकिन समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया। आरोप है कि समय रहते तारों को ठीक नहीं करवाने के कारण देर शाम उनके पौत्र के साथ यह हादसा हो गया। गनीमत रही, समय रहते बचा बच्चा सतपाल के अनुसार, उनका पौत्र कॉलोनी में था। इसी दौरान विद्युत पोल पर लगी नंगी तारों से उसे करंट लग गया। हादसे के बाद परिजनों और कॉलोनीवासियों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते मासूम को करंट की चपेट से बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद लोगों ने कॉलोनी की विद्युत व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। बड़े हादसे की आशंका कॉलोनीवासियों का कहना है कि खुले तारों के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उनका आरोप है कि पूर्व में भी संबंधित केयरटेकर से विद्युत पोल की नंगी तारों को बदलवाने के लिए कहा गया था, लेकिन शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। जांच और कार्रवाई की मांग मामले को लेकर कॉलोनीवासी टाउन थाने पहुंचे और प्रदर्शन कर पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा। लोगों ने पूरे मामले की जांच करवाकर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही कॉलोनी में खुले विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त करवाने की मांग उठाई, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की पुनरावृत्ति न हो।