हनुमानगढ़ में नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस के सिंबल पर जीते पार्षदों ने मंगलवार को एसडीएम कोर्ट में शपथ ली। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन की अगुवाई में सभी पार्षद कलेक्ट्रेट पहुंचे और उपखंड अधिकारी के सामने शपथ ग्रहण की। शपथ के बाद एसडीएम ने पार्षदों को प्रमाण पत्र दिए। शपथ ग्रहण के बाद सभापति पद को लेकर पूछे गए सवाल पर पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि निर्वाचित पार्षदों से बातचीत के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा। नगर परिषद में कांग्रेस के सिर्फ 10 सीटों पर सिमटने के सवाल पर बीसीसी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ने कहा कि जनता जनार्दन है और उसका फैसला सबसे ऊपर है। उन्होंने बताया कि चौधरी विनोद कुमार के विधायक रहते कांग्रेस ने शहर में कई विकास कार्य करवाए थे। जिनेन्द्र जैन ने कांग्रेस के अलग-अलग गुटों में बंटे होने की बातों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट थे। टिकट बांटते समय सभी से राय ली गई थी और किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट नहीं दिया गया। सभापति पद के लिए बहुमत जुटाने के सवाल पर भाजपा से बातचीत की संभावना को लेकर जैन ने कहा कि राजनीति में हर दरवाजे खुले रहते हैं। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और हित के लिए जरूरत पड़ी तो पार्टी कोई भी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी एक परिवार की तरह होती है और परिवार का हमेशा साथ देना चाहिए।