हनुमानगढ़ जिले में अपराध और मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने मंगलवार अलसुबह डबलीराठान गांव में एक बड़ा दबिश अभियान चलाया। 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई की, जिससे इलाके में हलचल मच गई। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व सीओ सिटी मीनाक्षी ने किया। इसमें पुलिस थाना सदर, हनुमानगढ़ टाउन, हनुमानगढ़ जंक्शन, महिला थाना और डबलीराठान चौकी सहित कई पुलिस इकाइयों की टीमें शामिल थीं। 10 टीमों में 60 पुलिसकर्मी थे शामिल सीओ सिटी मीनाक्षी ने बताया कि अभियान के लिए कुल 10 पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिनमें लगभग 60 पुलिसकर्मी शामिल थे। इन टीमों ने डबलीराठान में करीब 30 चिन्हित स्थानों पर दबिश देकर संदिग्ध गतिविधियों की गहन जांच की। इस अभियान में पुलिस थाना सदर हनुमानगढ़ के थानाधिकारी राजीव रॉयल, हनुमानगढ़ टाउन के थानाधिकारी लखवीर सिंह, महिला थाना थानाधिकारी चंद्रकला, डबलीराठान चौकी प्रभारी रमेश कुमार और जंक्शन थाने से गजेंद्र शर्मा सहित संबंधित थानों का जाप्ता मौजूद रहा। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और पुलिस लाइन के जवान भी इस कार्रवाई का हिस्सा थे। संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया सीओ सिटी मीनाक्षी के अनुसार, अलसुबह चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही, जांच के दौरान कई संदिग्ध वाहनों को भी जब्त किया गया। पुलिस टीमों ने चिन्हित स्थानों पर पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों और उनके आपराधिक रिकॉर्ड से जुड़े पहलुओं की बारीकी से जांच की।