हनुमानगढ़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी पार्क में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला प्रशासन, कलक्ट्रेट के अधिकारियों-कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के विचारों को अपनाने का संदेश दिया गया। इसके बाद जिला कलेक्टर सहित अधिकारियों ने कलक्ट्रेट परिसर में झाड़ू लगाकर और कस्सी से कचरा एकत्रित कर स्वच्छता अभियान में भाग लिया। भजनों और रामधुन से गांधीमय हुआ माहौल कार्यक्रम के दौरान गांधीजी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये, जे पीर पराई जाणे रे, पर दुःखे उपकार करे तोये, मन अभिमान न आणे रे’ और रामधुन की प्रस्तुति दी गई। इससे कार्यक्रम स्थल का वातावरण गांधीमय हो गया। वक्ताओं ने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज और पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं। उनके जीवन से सत्य, अहिंसा, सादगी और मानव सेवा की प्रेरणा मिलती है। शास्त्री की सादगी और समर्पण को भी किया याद कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और उनके आदर्शों को भी याद किया गया। वक्ताओं ने उनकी ईमानदारी, सादगी और देश के प्रति समर्पण को प्रेरणादायी बताया। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से मार्गदर्शन लेते हुए उनके बताए आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। सत्य, अहिंसा और आत्मनिर्भरता को अपनाकर समाज और देश के विकास में योगदान दिया जा सकता है। अधिकारियों ने खुद संभाली सफाई की कमान कार्यक्रम के बाद जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, उपखण्ड अधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कार्मिकों ने कलक्ट्रेट परिसर में सफाई अभियान चलाया। अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाई और कस्सी से कचरा एकत्रित किया। इस दौरान सरकारी संस्थानों में स्वच्छता बनाए रखने और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। 31 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता अभियान सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि गांधी जयंती से सरकार की ओर से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है, जो 31 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत सरकारी संस्थानों में विशेष सफाई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के फोटो और वीडियो निर्धारित लिंक पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं। नशे के खिलाफ भागीदारी की अपील डॉ. नवनीत शर्मा ने नागरिकों से गांधीजी के आदर्शों पर चलते हुए अहिंसा का मार्ग अपनाने तथा युवाओं से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाने की अपील की। उन्होंने युवाओं से हनुमानगढ़ के विकास में योगदान देने के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और जिले को नशामुक्त बनाने के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।