हनुमानगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के अभियान 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के एक मामले में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीलीबंगा थाना प्रभारी रायसिंह की टीम ने हाकम उर्फ हाकू (40) और सोहेल खां (24) को पकड़ा। दोनों सूरतगढ़ निवासी हैं। इन्हें केस नंबर 636/2026 में जांच के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पहले जंक्शन सिटी पुलिस ने रज्जाक उर्फ राज्जू को कार (HR 26 FL 4749) में पकड़ा था। उसके पास से 1 किलो 546 ग्राम हेरोइन/चिट्टा, एक विदेशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और 80 हजार रुपए नकद मिले थे। रज्जाक उदयपुर गोदारान, राजियासर का है। यह मामला हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में दर्ज हुआ था। पीलीबंगा थाना प्रभारी रायसिंह इसकी आगे की जांच कर रहे हैं। इसी जांच के दौरान हाकम और सोहेल की गिरफ्तारी हुई। टीम में एएसआई लक्ष्मीनारायण, कांस्टेबल मनीष कुमार, साहबराम और रविदर्शन भी शामिल थे।