हनुमानगढ़ जंक्शन में अबोहर मार्ग स्थित न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से कॉलोनीवासी परेशान हैं। शनिवार को कॉलोनीवासियों ने भाजपा युवा नेता अमित सहू से मुलाकात की। चोरी की बढ़ती घटनाओं और कॉलोनी में व्याप्त समस्याओं के बारे में सहू को बताया और जल्द समाधान की मांग उठाई। इस पर अमित सहू ने पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात कर कॉलोनी में गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। कॉलोनीवासियों का कहना है कि लगातार चोरी की घटनाओं के कारण उन्हें अब रातभर खुद पहरा देना पड़ रहा है। इसके बावजूद दिन में चोरी की वारदातें हो रही हैं, क्योंकि अधिकांश मकान मालिक काम के सिलसिले में घरों से बाहर चले जाते हैं। ऐसे में चोर दिन में सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं। संदीप सहारण ने बताया कि कॉलोनी में अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित होने से पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और आपराधिक तत्वों में भय पैदा होगा। इससे कॉलोनीवासी भी खुद को सुरक्षित महसूस कर सकेंगे।