हनुमानगढ़ जिले की सात नगरपालिकाओं और एक नगरपरिषद में नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। पहले दिन कुल 95 उम्मीदवारों ने 114 नामांकन पत्र दाखिल किए। अब 29 और 31 अगस्त को भी नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। पहले दिन सर्वाधिक नामांकन संगरिया नगर पालिका में दर्ज किए गए, जहां 32 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। रावतसर और पीलीबंगा में 19-19 नामांकन दाखिल हुए। भादरा में 16, टिब्बी में 12 और हनुमानगढ़ नगरपरिषद क्षेत्र में 10 नामांकन पत्र जमा हुए। नोहर में 5, जबकि गोलूवाला नगर पालिका में सबसे कम 1 नामांकन दाखिल हुआ। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन विभिन्न वार्डों से उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ निर्वाचन कार्यालय पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने नामांकन पत्र जमा कराए। पहले दिन हुए नामांकन से जिले में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी दिनों में नामांकन की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 29 अगस्त और 31 अगस्त को नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। रक्षाबंधन के अवकाश और रविवार के दिन नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे, जिसके कारण प्रत्याशियों के पास नामांकन दाखिल करने के लिए सीमित दिन ही उपलब्ध रहेंगे। नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय दावेदार भी सक्रिय हो गए हैं। टिकटों की घोषणा और नामांकन दाखिल होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर चुनावी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। कई वार्डों में प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है। पहले दिन दाखिल हुए 114 नामांकन पत्रों से स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में नामांकन प्रक्रिया में और तेजी आएगी। प्रत्याशी अब निर्धारित समय-सीमा में अपने दस्तावेज पूरे कर नामांकन दाखिल करने की तैयारी में लगे हैं।