दीपावली त्योहार के मद्देनजर हनुमानगढ़ शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और नगर परिषद क्षेत्र में हाल ही में शामिल हुए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुविधा पहुंचाने के लिए 33 लाख रुपए की लागत से चार नए ऑटो टिपर खरीदे गए हैं। टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय में शुक्रवार को पूजा-अर्चना के बाद इन वाहनों को सफाई व्यवस्था के लिए रवाना किया गया। चार नए ऑटो टिपर शामिल होने के बाद परिषद के पास इनकी संख्या 33 से बढ़कर 37 हो गई है। पूजा-अर्चना के बाद सफाई सेवा में उतरे वाहन नए ऑटो टिपरों को नगर परिषद कार्यालय में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रवाना किया गया। इस दौरान नगर परिषद की नवनिर्वाचित सभापति मंजू रणवां, उपसभापति सोनू बंसल, पार्षद और नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे। नए क्षेत्रों में भी पहुंचेगी कचरा संग्रहण सुविधा सभापति मंजू रणवां और उपसभापति सोनू बंसल ने बताया कि अब तक शहर में कचरा प्रबंधन और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए 33 ऑटो टिपर संचालित हो रहे थे। नगर परिषद क्षेत्र में हाल ही में आसपास के कुछ ग्रामीण क्षेत्र भी शामिल हुए हैं। ऐसे में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने और प्रत्येक क्षेत्र में समय पर कचरा संग्रहण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चार नए वाहन खरीदे गए हैं। नए वाहनों के आने से उन वार्डों में भी कचरा संग्रहण व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है, जहां नियमित रूप से कचरा गाड़ियां नहीं पहुंच पा रही थीं। सभापति और उपसभापति ने कहा कि प्रयास रहेगा कि शहर का कोई भी कोना सफाई व्यवस्था से अछूता नहीं रहे। ‘जनता के पैसे का इस्तेमाल जनता की सुविधा के लिए’ उपसभापति सोनू बंसल ने कहा कि जनता के पैसे को जनता की सुविधा के लिए खर्च करना नगर परिषद की प्राथमिकता है। 33 लाख रुपए का यह निवेश शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सफाई के लिए संसाधन उपलब्ध करवाना नगर परिषद की जिम्मेदारी है, लेकिन शहर को साफ-सुथरा रखने में आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। गीला-सूखा कचरा अलग देने की अपील सभापति और उपसभापति ने शहरवासियों से अपील की कि कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित कचरा गाड़ियों में ही डालें। गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके सफाई कर्मचारियों को देने की अपील भी की गई। गांधी जयंती के अवसर पर उन्होंने शहरवासियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे न तो स्वयं गंदगी फैलाएंगे और न ही दूसरों को गंदगी फैलाने देंगे।