हनुमानगढ़ में नीट-पीजी 2026 परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव और एसपी बी आदित्य ने जिले के दोनों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने हनुमानगढ़ टाउन स्थित सेंटर टाइम्स पब्लिक स्कूल और हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित संस्कार कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं और परीक्षा की गोपनीयता से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। यह परीक्षा 30 अगस्त को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी। दोनों केंद्रों पर कुल 489 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन द्वारा कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। पुलिस, चिकित्सा, विद्युत, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सूचना प्रौद्योगिकी और जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य और उपखंड अधिकारी रवि कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।