हनुमानगढ़ के संस्कार कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन में सोमवार को फ्रेशर और फेयरवेल पार्टी हुई। इस दौरान नए छात्रों का स्वागत किया गया और कॉलेज से विदा ले रहे छात्रों को शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में रिहान को मिस्टर फ्रेशर और राधिका को मिस फ्रेशर चुना गया। पार्टी की शुरुआत प्रिंसिपल डॉ. राजेश वर्मा और वाइस प्रिंसिपल डॉ. बलदेव कुमार ने दीप जलाकर की। प्रिंसिपल ने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। छात्रों ने एकल, सामूहिक नृत्य और गायन की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिसमें पंजाबी, हरियाणवी और राजस्थानी संस्कृति की झलक दिखी। छात्रों के मनोरंजन के लिए रैम्प-वॉक, कैटवॉक और गुब्बारों के साथ डिस्पोजेबल ग्लास गेम जैसे कई खेल हुए। कार्यक्रम का संयोजन व्याख्याता सिमरनजीत कौर ने किया, जबकि मंच संचालन छात्रा अंजलि ने किया। विदा ले रहे छात्रों को यादगार तोहफे दिए गए और स्टाफ सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए सम्मान-पत्र मिले।